पंजाब के मुख्यमंत्री अमरेंद्र सिंह ने बृहस्पतिवार को दिल्ली की ओर मार्च कर रहे किसानों को रोकने के लिए भाजपा नीत हरियाणा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके खिलाफ ‘कठोर बल’ का इस्तेमाल ‘पूरी तरह अलोकतांत्रिक और असंवैधानिक’ है। पंजाब के किसानों को केन्द्र के कृषि संबंधी कानूनों के खिलाफ प्रस्तावित ‘दिल्ली चलो’ मार्च के लिए हरियाणा से लगी सीमाओं के पास इकट्ठा होता देख, हरियाणा ने पंजाब से लगी अपनी सभी सीमाओं को पूरी तरह सील कर दिया है।
सिंह ने ट्वीट किया, ‘हरियाणा में मनोहर लाल खट्टर की सरकार किसानों को दिल्ली जाने से क्यों रोक रही है? शांतिपूर्वक प्रदर्शन कर रहे किसानों के खिलाफ क्रूर बल का इस्तेमाल अलोकतांत्रिक और असंवैधानिक है।’ उन्होंने कहा कि किसान कृषि कानून के खिलाफ 2 महीने से पंजाब में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे हैं। सिंह ने पूछा, ‘बल का सहारा लेकर हरियाणा सरकार उन्हें क्यों उकसा रही है? क्या किसानों को शांतिपूर्ण तरीके से एक सार्वजनिक राजमार्ग से गुजरने का अधिकार नहीं है?’ पंजाब के मुख्यमंत्री ने कहा कि यह एक ‘दुखद विडंबना’ है कि संविधान दिवस पर किसानों के संवैधानिक अधिकार का ‘दमन’ किया जा रहा है।
अमरेंद्र ने कहा, ‘खट्टर जी, उन्हें आराम से वहां से निकलने दें, उन्हें उकसाए नहीं। उन्हें शांतिपूर्ण तरीके से अपनी आवाज दिल्ली तक पहुंचाने दें।’ उन्होंने भाजपा से आग्रह किया कि वह मनोहर लाल खट्टर नीत सरकार को किसानों के खिलाफ ‘‘क्रूर बल” का इस्तेमाल न करने का निर्देश दे। उन्होंने कहा, ‘‘ मैं भाजपा से उनकी राज्य सरकार को किसानों के खिलाफ ‘‘क्रूर बल” का इस्तेमाल ना करने का निर्देश देने का आग्रह करता हूं। जो हाथ देश को खाना खिलाते हैं उन्हें थामा जाना चाहिए, धकेला नहीं जाना चाहिए।’
Hamara Today न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें.